जून 2026

देशउल्लास     Posted: November 1, 2024

आखिरकार माँ को मेरी फटी निकर पर तरस आ ही गया। उसमें पीछे बनी दो आँखें अब जबड़ों की तरह फैल गई थीं। माँ ने उसे पिछवाड़े गली में फेंक दिया।

उस फटी निकर से मुझे भी लगाव था। दरअसल यह लगाव उस निकर की दोनों बड़ी जेबों की वजह से था, जिनमें ढेर सारे कंचे समा जाते। मैं जब शाम ढलने के बाद सीढ़ियों चढ़कर घर में दाखिल होता तो माँ जेब में बज रहे कंचों से पहचान जाती कि मैं आ रहा हूँ। उन दिनों मेरी और कोई पहचान नहीं थी। मेरे भागने से पता चल जाता कि मैं खेलने जा रहा हूँ। सीढ़ियाँ चढ़ते वक्त माँ जेब में हिलते कंचों की आवाज से जान जाती कि मैं आज हारकर आ रहा हूँ या जीतकर; लेकिन यह सब उस फटी निकर की बड़ी जेबों की वजह से था। अब वह निकर, उसकी जेबें, पता नहीं किस वीराने में खामोश पड़ी होंगी।

एक दिन मैं अपनी नई निकर पहने बाजार गया हुआ था। सड़क किनारे की झुग्गी–बस्ती से गुजरते हुए मैंने देखा कि एक कचरा बीनने वाली बीनकर लाए गए कबाड़ को छाँट रही है। कपड़े–कपड़े अलग, प्लास्टिक अलग,  काँच की शीशियाँ अलग। उसने उस कूड़े के ढेर से एक फटी निकर निकाली। मैं चौंक पड़ा। अरे, यह तो मेरी निकर ही है, जिसे माँ ने गली में फेंक दिया था। वैसा ही रंग, वैसा ही जबड़ेनुमा पीछे फटी हुई। उसने निकर पर कपड़े का जोड़ लगा तुरपाई कर पास खड़े अधंनंगे बच्चे को पहना दी। वह बच्चा निकर पहनकर खुशी से उछल पड़ा। उसने जेब में कंचे भरे और उछलते–कूदते चिल्लाता हुआ निकल पड़ा। मैं उसकी जेब में बज रहे कंचों की आवाज तब तक सुनता रहा, जब तक कि वह मेरी नजरों से ओझल न हो गया।

-0-

गतिविधियाँ

  • सम्पर्क:-

    सुकेश साहनी

    185,उत्सव,महानगर पार्ट–2
    बरेली–243122 (उ.प्र.)


    sahnisukesh@gmail.com

    रामेश्वर काम्बोज ´हिमांशु´

    रचनाएँ भेजने के लिए ई-मेल-:-

    laghukatha89@gmail.com

    विशेष सूचना-:-

    पूर्व अनुमति के बिना लघुकथा डॉट कॉंम की सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकता ।

    केवल स्वीकृत रचनाओं की ही सूचना दी जाती है।

    -सम्पादक द्वय

Design by TemplateWorld and brought to you by SmashingMagazine