जून 2026

देशकृपा     Posted: March 1, 2024

चारों ओर चहल–पहल थी। जगह–जगह तोरणद्वार सजे थे। देशभक्ति के गीतों के कैसेट बज रहे थे। रह–रहकर पाँच–सात खद्दरधारी इधर–से–उधर जाते दिखाई पड़ रहे थे। पूछने पर पता चला कि नेताजी, मंत्री बनने के बाद पहली बार क्षेत्र भ्रमण के लिए आ रहे हैं।

एकाएक कोलाहल मचा। धूल उड़ने लगी बैंडवाले स्वागत–धुन बजाने लगे। तभी कारों का काफिला आकर रुका। बीचवाली कार से एक श्वेत खादीधारी उतरे। पीछे सशस्त्र सुरक्षाकर्मी भी थे। नेताजी आगे बढ़ चले। चारों तरफ उनकी जय–जयकार होने लगी। वे रह–रहकर हाथ जोड़ लेते थे, परिचितों से कुशल–क्षेत्र पूछते और अपरिचितों से बनावटी मुस्कान बिखेर रहे थे।

तभी भीड़ को चीरता एक मोटा–तगड़ा मुस्टंडा सामने आया। शक्ल–सूरत नम्बरी गुंडे जैसी थी और साथ में कड़ी–कड़ी मूँछों वाले चार युवक भी थे। वह वीरू दादा था। पिछले चुनाव में उसने नेताजी को जिताने में काफी मदद की थी।

उसे देखते ही नेताजी रुके और बोले, ‘‘क्यों रे विरूआ, पहले तो तुम जेब काटते थे, छोटी–मोटी चोरी करते थे, लेकिन अब तो तुम्हारे नाम हत्या और लूटपाट की खबरें भी मिलने लगी हैं।’’

 उसने दांत निकालकर ‘हें–हें’, की और हाथ जोड़कर धीरे से कहा, ‘‘….सब आपकी कृपा है मालिक!’’

नेताजी ने उसकी पीठ थपथपाई और हँसते हुए आगे निकल गए।

-0-

गतिविधियाँ

  • सम्पर्क:-

    सुकेश साहनी

    185,उत्सव,महानगर पार्ट–2
    बरेली–243122 (उ.प्र.)


    sahnisukesh@gmail.com

    रामेश्वर काम्बोज ´हिमांशु´

    रचनाएँ भेजने के लिए ई-मेल-:-

    laghukatha89@gmail.com

    विशेष सूचना-:-

    पूर्व अनुमति के बिना लघुकथा डॉट कॉंम की सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकता ।

    केवल स्वीकृत रचनाओं की ही सूचना दी जाती है।

    -सम्पादक द्वय

Design by TemplateWorld and brought to you by SmashingMagazine