कुछ दिन पहले ही बेटी ने कॉलेज में प्रवेश लिया था।माता-पिता ने उसे बड़े चाव से मोबाइल फोन ले दिया था। मोबाइल के अपने फ़ायदे हैं।देर-सबेर हो जाए या कोई दुःख-तकलीफ या कोई ऊँच-नीच हो जाए तो फ़ौरन घर बता सकते हैं। बारह सौ का मोबाइल था, माँ-बाप की हैसियत से बढ़कर। बेटी के आत्मविश्वास को चार चाँद लग गए। ‘थैंक यू पापा।’ बेटी खुश थी।
लेकिन आज कॉलेज से उसका फोन आया। बड़ी परेशान लग रही थी। ‘पापा,मैं दूसरे नंबर से फोन कर रही हूँ।आप मुझे डाँटोगे तो नहीं ?…’
उसके पिता एकबारगी घबरा गए।किसी अनहोनी के लिए तैयार होने लगे …कल्पना के घोड़े चारों तरफ बदहवास-से भाग पड़े…मोबाइल खो गया होगा…किसी ने छीन लिया होगा…पर यह दूसरा नंबर..बड़े डर और परेशानी वाली आवाज़ थी..कहीं कुछ और …
इतने में बेटी बोली-पापा मेरा मोबाइल खो गया है।सब जगह ढूँढा,कहीं नहीं मिला।पापा,आप मुझे डाँटोगे तो नहीं। सॉरी पापा..|’
कहकर बेटी चुप हो गई। दोनों तरफ चुप्पी पसर गयी थी। बेटी की आवाज़ में डर इस कदर समाया था कि उसके पिता भी सिहर गए -उसकी बेटी इतना डरती है उससे !
इस सन्नाटे में पिता के ख्यालों में अपने बचपन की दो घटनाएँ कौंध गईं। तब वे नवीं-दसवीं के छात्र थे।पिता के पास समय कम होता था। एक बार उसके बूट खरीदे जाने थे। पिता ने उसे खुद ही खरीद लाने को कह दिया था। वे बड़ी उमंग से बूट ले आए थे। रात को पिता ने बूट देखकर कहा था-क्या कुत्ते के मुँह जैसे उठा लाया है। फ़दौड़ हैं।’पिता की बात सुन उनका सारा उत्साह ठंडा पड़ गया था।उन्हें भी वे बूट बिलकुल बेकार लगने लगे थे।
तब बूटों की पॉलिश का काम भी माँ ही किया करती थी। हफ्ते में एक बार ही पॉलिश होती थी।तब हफ्ते बाद उन्हें बूट पोलिश करने का भी अवसर मिल गया था।आती तो थी नहीं,न ही माँ को पॉलिश करते देखा था।बस,खूब सारी पॉलिश की परत चिपका दी। तभी बड़े भाई ने देख लिया।गुस्से में बूट उठा लिये-इसे पिताजी को दिखाऊँगा। आ लेने दे रात को।’ भाई ने बूट छिपा दिए थे। तब से लेकर रात पिताजी के आने तक के वक्त में उन्होंने महसूस किया कि डर क्या होता है..शेर के मुँह जैसा भयानक….
वे वर्तमान में आए—वही डर आज बेटी के मन में गरज रहा है।’वे फ़ौरन बोले-‘कोई बात नहीं खो गया तो।चीज़ें खो जाया करती हैं। और ले लेंगे,परेशान न हो ,घर आ जा।’
पिता के मन से बचपन का वह बोझ भी उतर गया।बेटी के मन से भी डर की भारी परत छँट गई। ‘थैंक यू पापा’- उसने उमंग से कहा।
उस दिन से बाप-बेटी आपस में दोस्त बन गए हैं।
-0-