टीवी सीरियल के सेट पर सीरियल की नायिका नेहा ,आज बहुत तनाव में थी,मेकअप रूम में उसे घबराहट सी होने लगी थी।सेट पर भी वह बेचैनी से बार बार अपने नाखून चबा रही थी ,पसीना पोंछ रही थी, टीम के सदस्यों से अनमनेपन से बात कर रही थी,चोर नज़रों से चारों ओर देख रही थी।
आज के शॉट में उसे सीरियल के नायक,अजय को थप्पड़ मारने थे। मिडिया में उसके और अजय के बारे में चल रही तरह -तरह की अफवाहों से वह व्यथित थी। कल पति की कही बात उसके कानों में गूंज रही थी , मनीष ने कहा था कि वह जानता है कि जो बातें बाहर चल रही हैं वो वास्तविक नही है पर आज वाला शॉट वास्तविक होना चाहिए, तभी वह मानेगा कि नेहा के मन में अजय के लिए “कुछ”नही है।आज सेट पर मनीष भी साथ आया था,और शायद उसकी हर गतिविधि नोट कर रहा था।
मन मे उथल पुथल मचा रही उलझनों को आखिर नेहा ने विराम दे ही दिया। कड़ा फैसला लेते हुए उसने शॉट के मुताबिक सीरियल के नायक को कसकर ,पूरी ताकत से दो थप्पड़ मारे।एक ही बार मे शॉट ओके हो गया।
देखकर सारा शूटिंग स्टाफ हक्काबक्का रह गया,सिवाय नेहा के पति के।
नेहा को दुख था कि उसके थप्पड़ों से हतप्रभ, नायक अजय लड़खड़ा गया पर खुश भी थी कि उसका रिश्ता सम्भल गया था।
-0-सन्तोष सुपेकर, 31,सुदामा नगर ,उज्जैन
9424816096 ,santoshsupekar29@gmail.com