बबलू को शरारत करने पर उसकी मम्मी ने दो चाँटे लगा दिए। वह रोता-रोता स्कूल गया। कक्षा में जाकर वह चुपचाप उदास-सा पीछे बैंच पर बैठ गया।
मैम जैसे ही क्लास में आई, सभी बच्चे खड़े हो गए। बबलू भी खड़ा हुआ और सबके साथ वह भी बैठ गया।
मैम ने पूछा, ‘‘क्या बात है बबलू! तुम बहुत उदास लग रहे हो?’’
‘‘स्कूल आने से पूर्व मम्मी ने मुझे पीटा था।’’
‘‘क्यों?’’
‘‘मैं शैतानी कर रहा था।’’
‘‘अब शैतानी न करना।’’
मैम ने आज ‘माँ’ एवं ‘शिक्षिका’ के विषय में कुछ कहना चाहा पर इससे पूर्व उसने सोचा बच्चों से प्रश्नोत्तर के माध्यम से ही विषय पर आया जाए।
‘‘बच्चो ! एक-एक करके बताओ। तुम्हें इस संसार में सबसे अच्छी कौन-सी औरत लगती है?’’
‘‘एक-एक करके सभी ने बताना शुरू किया, किसी ने ऐश्वर्या राय का नाम लिया तो किसी ने किसी अभिनेत्री का। किन्तु अधिकाँश लोगों ने अपनी मैम का नाम लिया।
अन्त में मैम ने बबलू से पूछा, ‘‘तुमने कुछ नहीं बताया, तुम भी बोलो!’’
‘‘आप नाराज तो नहीं हो जाएँगी?’’
‘‘नहीं! तुम अपनी पसंद की औरत का नाम बेखौफ बताओ!’’
‘‘मुझे मेरी मम्मी सबसे अच्छी लगती है।’’
‘‘अभी सुबह तो पिटकर आए हो, तो भी?’’ मैम ने हँसते हुए कहा।
‘‘हाँ! तब भी! पीटा तो मुझे सुधारने के लिए ही था। मेरी मम्मी सेे अच्छा कोई नहीं है।’’
-0-