वर्षो पहले मैंने अपने बेटे को एक कहानी सुनाई थी, जो कुछ इस तरह थीः
एक बार की बात है, रात के अँधेरे में एक गाय फिसलकर नाले में जा गिरी।
सुबह उसके इर्द-गिर्द बहुत से मेंढक जमा हो गए।
‘‘आखिर गाय नाले में गिरी कैसे?’’ उनमें से एक मेंढक टरटराया, ‘‘हमें इस पर गहराई से विचार करना चाहिए।’’
‘‘मुझे तो दाल में कुछ काला लगता है!’’ दूसरे ने कहा।
‘‘कुछ भी कहो…’’ तीसरा मेंढक बोला, ‘‘अगर पुण्य कमाना है तो इसे बाहर निकालना होगा।’’
‘‘मरने दो!’’ चौथा टर्राया, ‘‘हमारी नाक के नीचे रोज ही सैकड़ों गायें-बछड़े काटे जाते हैं, तब हम क्या कर लेेते हैं?’’
‘‘हमने तो चूड़ियाँ पहन रखी हैं,’’ पांचवें मेंढक की टर्र-टर्र।
‘‘भाइयो!’’ वहाँ खड़े एक बुजुर्ग ने उन सबको शान्त करते हुए कहा, ‘‘अगर ये गाय न होकर कुत्ता-बिल्ली होता तो क्या हमें इसे मर जाने देना था?’’
एकबारगी वहाँ चुप्पी छा गई। वे सब उस बुजुर्ग को शक भरी नजरों से घूरने लगे। अगले ही क्षण वे सबके सब उस पर टूट पड़े। उन्होंने उसे लहूलुहान कर नाले में धकेल दिया। इस घटना से मेंढकों में भगदड़ मच गई । वे सब सुरक्षित स्थलों में दुबक गए। घटनास्थल पर सन्नाटा छा गया।
‘‘फिर क्या हुआ?’’ मुझे चुप देखकर बच्चे ने पूछा था।
‘‘फिर?….वहाँ से गुजर रहे एक आदमी ने रस्सी की मदद से गाय को नाले सें बाहर निकाल दिया। अपनी जमात से बाहर वाले का ऐसा करना मेंढकों के गले नहीं उतरा। उनको इसमें भी कोई साजिश दिखाई देने लगी। यह बात कानोंकान पूरी मेंढक बिरादरी में फैल गई। वे समवेत स्वर में जोर-जोर से टर्राने लगे।’’
कहकर मैं चुप हो गया था।
‘‘अब मेंढक क्यों टर्रा रहे थे, पापा?’’
‘‘अब वे इस बहस में उलझे हुए थे कि गाय को बाहर निकालने वाला हिन्दू था कि मुसलमान।’’
‘‘फिर….’’
‘‘फिर क्या? उनका टरटराना आज भी जारी है।’’
बच्चा सोच में पड़ गया था। थोड़ी देर बाद उसने पूछा था, ‘‘पापा, आपको तो पता ही होगा कि वह आदमी कौन था?’’
‘‘बेटा, मुझे इतना ही पता है कि वह एक अच्छा आदमी था,’’ मैंने उसकी भोली आँखों में झांकते हुए कहा था, ‘‘वह हिन्दू था या मुसलमान, यह जानने की कोशिश मैंने नहीं की क्योंकि तुम्हारे दादा जी ने मुझे बचपन में ही सावधान कर दिया था कि जिस दिन मैं इस चक्कर में पड़ूँगा उसी दिन आदमी से मेंढक में बदल जाऊंगा।’’
इसके बाद मेरे बेटे ने मुझसे इस बारे में कोई सवाल नहीं किया था और मुझसे चिपककर सो गया था।
मुझे नहीं मालूम कि यह कहानी मेरे बच्चे के मतलब की थी या नहीं,उसकी समझ में आई थी या नहीं, पर इतना जरूर है कि उस दिन के बाद वह ‘मेंढकों’ से जरा दूर ही रहता है।
-0-
लघुकथा.com
जून 2026
देशमेंढकों के बीच Posted: January 1, 2016
© Copyright Infirmation Goes Here. All Rights Reserved.
Design by TemplateWorld and brought to you by SmashingMagazine