जून 2026

देशसामना     Posted: September 1, 2023

सामना/ हबीब कैफी

शहर कर्फ़्यूग्रस्त  था। सड़कें और गलियाँ सूनी पड़ी थी। हर तरफ बंदूकधारी सिपाहियों की गश्त जारी थी। कुछ इलाकों में संगीनधारी फौजी भी गश्त कर रहे थे। यह एक सूनी पड़ी गली का मोड़ था। इस मोड़ पर एक व्यक्ति बड़ी देर से असमंजस की स्थिति में खड़ा था। इस मुकाम से उसका मकान काफी दूर था। लेकिन इस वक्त वह न आगे बढ़ने की स्थिति में था, न पीछे जाने की हालत में। वहाँ वह झिझका–सहमा खड़ा बड़ी उलझन महसूस कर रहा था।

इतने में उसके कान खड़े हुए। पीछे से उसे हलकी–सी पदचाप सुनाई पड़ी। ‘दुश्मन है?’…..यही एक सवाल उसके जेहन में कौंध गया।

पदचाप रफ्ता–रफ्ता करीब से करीबतर होती जा रही थी। बड़ी तेजी के साथ वह सोचने लगा- यहाँ अब ठहरे रहने का सीधा–सा मतलब है, धारदार हथियार से कत्ल! भागकर सड़क पर जाने का अर्थ होगा, गोली का शिकार और निश्चित मौत! अब क्या किया जाना चाहिए?

उसका जेहन कह रहा था, गाय तक को ऊपरवाले ने सींग दिए हैं। अपनी हिफाजत वह खुद कर सकती है। फिर मैं तो एक आदमी हूँ। कुछ किया जाना चाहिए। उसने देखा। पैरों के पास ही उसे एक बड़ा–सा तीखा पत्थर दीख गया। झट से झुककर उसने पत्थर उठाया और आश्वस्त होकर वह पलट गया। उसे लगा, जैसे आईना सामने है। उस जैसा ही एक आदमी हाथ में तीखा पत्थर लिये सहमा–सहमा खड़ा था। और…हाथ के पत्थर छोड़कर वे दोनों बगलगीर हो गए।

-0-

गतिविधियाँ

  • सम्पर्क:-

    सुकेश साहनी

    185,उत्सव,महानगर पार्ट–2
    बरेली–243122 (उ.प्र.)


    sahnisukesh@gmail.com

    रामेश्वर काम्बोज ´हिमांशु´

    रचनाएँ भेजने के लिए ई-मेल-:-

    laghukatha89@gmail.com

    विशेष सूचना-:-

    पूर्व अनुमति के बिना लघुकथा डॉट कॉंम की सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकता ।

    केवल स्वीकृत रचनाओं की ही सूचना दी जाती है।

    -सम्पादक द्वय

Design by TemplateWorld and brought to you by SmashingMagazine